Skip to main content

क्या कोई मुझे उस मिट्टी का पता बतला सकता है जिससे भगवान् ने बहन को बनाया ।

क्या कोई मुझे उस मिट्टी का पता बतला सकता है जिससे भगवान् ने बहन को बनाया ।उस मिट्टी में ऐसा क्या है जो एक ही जनक-जननी से सृजित होने के बावजूद उसे हम भाई लोगो से उत्कृष्ट बना देता है।उसे अपने भाइयों से श्रेष्ठ कहलाने की आकांक्षा या अभिलाषा नहीं होती है वरन् उसके कर्म ही उसे अग्रगन्य बना देते है।
बहन , ऐसा क्यों होता है ,मम्मी-पापा रहते हमारे पास में है , उनका दिल धड़कता हमारे यहाँ है किंतु धड़कन तेरे यहाँ सुनाई देती है। अनमने हम लोग होते है पर उसका सबसे पहले एहसास तुझे होता है और अलभोर में तेरा फ़ोन इसकी पुष्टि कर देता है।क्यों पापा बीमारी में हम लोगो के पास होने के बावजूद तुझे ही याद करते है।
तू ऐसा कैसे कर लेती है,कि हम भाईयो की या मम्मी-पापा की बीमारी का सुन कर अपना पेट,पीठ,कमर दर्द या बुखार सब भूल कर दौड़ी चली आती है या हर घंटे खैरोखबर लेती रहती है।

तू इतने रूप कैसे धारण कर लेती है ,कि हम भाईयो में से किसी के भी डिप्रेस होने पर सबसे बड़ी मोटिवेटर बन जाती है,बीमार होने पर डॉक्टर का एप्रिन पहन लेती है और किसी से झगड़ा होने पर रुस्तमे हिन्द बन जाती है।तू ,हमेशा हम लोगो का भला कैसे सोच लेती है।
तुझे कुछ मालूम भी है हमारे अहम् को कितनी चोट पहुँचती है जब मम्मी-पापा के किसी काम के लिए अर्थ की आवश्यकता हो तो हम दुनिया के सबसे बड़े अर्थशास्त्री बनकर गहरे में डूब कर गुणा-भाग में लग जाते है और तू मुट्ठी में गुड़ीमुड़ी नोट लिए दानवीर कर्ण की तरह खड़ी हो जाती है।बंटवारे में मनमर्जी का न मिले तो हम अपनो से तृतीय विश्वयुद्ध करने में पीछे न हटे और तू हमेशा सर्वस्व समर्पण के लिए तैयार रहती है।
ऐ दुनिया के मालिक ये तेरी कैसी रचना है,कि हम भाईयो के लिए बहन चाहे गरीब हो या अमीर हो,किसी भी जाति की हो,किसी भी धर्म को मानने वाली हो, पढ़ीलिखी हो या अनपढ़ हो ,बड़ी हो या छोटी हो ,शहरी हो या ग्रामीण हो ,एक जैसी ही होती है।
सभी तरह से सोच कर देख लिया बहन,तू, ईश्वर की सबसे अनुपम कृति है ।मानवीय संवेदनाओं की पराकाष्ठा है ।
तू, ऐसी दैवीय रचना है जिसके शब्दकोष में भाईयों का अध्याय खोजा जाये तो सभी जगह केवल कल्याण लिखा होता है।
रक्षासूत्र मै बंधवाता हूँ पर सच्चे अर्थों में सभी प्रकार से रक्षा तू ही करती है।मेरा स्थान तेरे चरणों मे ही है,तेरा आशीष मेरे सब संकट हरने वाला है। बहना तू हमेशा ऐसी ही रहना......
wish u very happy Raksha Bandhan in very advance.

Comments

Popular posts from this blog

नत्थू लाल की टेंशन

कल नत्थूलाल जी मिले, हाथ में पेपर पकड़े बड़े उदास, गमगीन से दिख रहे थे । हमने पूछा...अरे भाई आज आपके गुलाब से खिले चेहरे पर उदासी का पाला कैसे पड़ गया ? नत्थूलाल जी बोले...आपने शायद पेपर नहीं पढ़ा, हैप्पीनेस इंडेक्स में भारत का नंबर बहुत पीछे बतलाया गया है । हमने कहा ...तो ? नत्थूलालजी आश्यर्यचकित होकर बोले...आप कैसी बात करते हो शर्माजी ,ये खबर पढ़ कर 2 दिन से मैं निराशा और क्रोध के भँवर में चक्कर लगा रहा हूँ ओऱ आपको कोई फर्क ही नही पड़ रहा है। आप देख नहीं रहे,आजकल हम भारतीय कितने खुश दिखते है । आप चाहो तो कहीं भी,कभी भी देख लो ।फेसबुक,व्हाट्सअप, इंस्टाग्राम आदि आदि,ख़ुश लोगों के पोस्टो से पटे पड़े है । कोई भी पोस्ट देख लो ,हर जगह आदमी खुश ही नज़र आता है,मंदिर में,मस्ज़िद में,कार में,बस में,ट्रेन में,प्लेन में,साईकल पर,घर में,टॉयलेट में, दुकान में,होटल में,पब में,बिस्तर पर,जमीन पर,आसमान में,नदी में,नाले में ,पेड़ पर,फूल पत्ती के साथ,जीन्स में,धोती में,घूँघट में। अरे दिन तो छोड़ो रात में 1 बजे हो,तीन हो या पांच बजे हो,जब देखो तब आदमी हमेशा खुश दिखते हुए फ़ोटो चेपता है ।और तो और आदमी इतन...

कन्या भ्रूण हत्या को लेकर समर्पित,एक छोटी सी रचना

..बेटी तो हर पल ,बेटे का फर्ज निभाती है , पर बेटे के बेटी बनने में ,पूरी उम्र गुजर जाती है । फिर भी .... अरे बधिक,दर्पदमित तू फिर भी ,काल उसका हो जाता है, बाल शोणित पिपासा में, माँ की कोख़ को तू लजाता है । स्वाध्याय न आता तुझको,जीवन से तू हारा है, बन साहसी स्वीकार कर ले तू,निर्लज्जता का तारा है । एक बाला को पाल् न सकता,निंद्य अंध अभिमानी तू, क्षद्म पौरुष की छाया में,कर्तव्य से बचता गुमानी तू । वधु की है अभिलाषा तुझको,बेटी न तुझको भायी है, रे बर्बर,बतला दे मुझको, वधु कहाँ से आयी है । शिखंडी पाखंडी है तू,जड़मति शून्य गवारा है, बेटियो का हंता बनके, नरक को तूने पुकारा है । पीढ़िया दर पीढ़ी मिटती, सुख न रहता लेश , सुखसुधा से वंचित रहता,हर दम रहता क्लेश । धिक्कार तुझे,धिक्कार तुझे,धिक्कार है दानवजन, इस धरा का बोझ है तू,प्यारे वैशाखनंदन । सावधान हो जाओ तुम भी,करो न यूँ पागलपन , बेटी तो जीवन दाता है,दिखला दो तुम अपनापन । -------- योगेश्वर